मेरठ

मोहिउद्दीनपुर में महिलाओं को मिला कुटीर उद्योग का संबल, ‘कर्मणि’ ब्रांड मसाला उद्योग शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

मेरठ। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम उठाते हुए ग्राम मोहिउद्दीनपुर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कुटीर उद्योग की शुरुआत की गई। रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद इंपिरियल एवं रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद ग्रेटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को मसाला पीसने की मशीनें वितरित की गईं।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें ‘कर्मणि’ नामक ब्रांड के तहत मसालों के उत्पादन एवं विक्रय के माध्यम से स्थायी रोजगार उपलब्ध कराना है।
ग्राम पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, प्रोजेक्ट चेयर अंकिता शास्त्री, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डिस्ट्रिक्ट 3012 अमिता मोहिंद्र, रोटरी अध्यक्ष शिल्पी अग्रवाल, वरुण शर्मा एवं ग्राम प्रधान विजय नामदेव द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा, यदि ग्रामीण महिलाएं सशक्त होंगी, तो पूरा समाज सशक्त होगा। केंद्र एवं राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाएं अब धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘स्वावलंबी महिला’ के विजन को यह गांव साकार कर रहा है।
ग्राम प्रधान विजय नामदेव ने जानकारी दी कि गांव में वर्तमान में 22 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। इन समूहों की महिलाओं को पूर्व में मसाला निर्माण, अचार निर्माण, चप्पल बनाना एवं उत्पादों की पैकेजिंग का प्रशिक्षण दिया गया है। रोटरी क्लब द्वारा उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है।
प्रोजेक्ट चेयर अंकिता शास्त्री ने बताया कि कर्मणि ब्रांड के माध्यम से महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार में एक सशक्त पहचान मिलेगी। यह पहल महिलाओं को न केवल स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करेगी, बल्कि ग्रामीण उद्यमिता को भी बढ़ावा देगी।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button