मेरठ
शिकायतों की जांच को लेकर दूसरी बार डीटीओ कार्यालय पहुंची एसीबी की टीम
- जांच मामले का नहीं हुआ खुलासा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : जिला परिवहन कार्यालय में एक बार फिर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की गतिविधियों ने हलचल मचा दी। एसीबी की एक टीम दोपहर में जिला परिवहन पदाधिकारी कार्यालय पहुंची और लगभग आधे घंटे तक कार्यालय की गतिविधियों की जानकारी एकत्रित की। इस दौरान डीटीओ कार्यालय में उपस्थित नहीं थीं। उनकी अनुपस्थिति में एसीबी के अधिकारियों ने कार्यालय के प्रधान सहायक मनोज हाजरा से मुलाकात की और विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया। अधिकारियों की उपस्थिति से कार्यालय में कार्यरत कर्मियों में दिन भर तनाव का माहौल बना रहा। जब वहां मौजूद कर्मचारियों ने एसीबी अधिकारियों से उनके आगमन का कारण जानना चाहा तो उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी देने से परहेज किया। केवल इतना बताया गया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। जब यह पूछा गया कि शिकायत किस प्रकार की है, तो एसीबी अधिकारी बिना उत्तर दिए कार्यालय से निकल गये। यह पहला अवसर नहीं है जब एसीबी की टीम डीटीओ कार्यालय पहुंची हो। मिली जानकारी के अनुसार, लगभग पांच से सात दिन पूर्व भी एसीबी अधिकारी डीटीओ कार्यालय पहुंचे थे, मगर उस समय भी डीटीओ कार्यालय में अनुपस्थित थीं, हालांकि उसी दिन वह उपायुक्त के साथ जिला टास्क फोर्स की बैठक में शामिल होते हुए देखी गयी थीं।


