गोड्डा
पोड़ैयाहाट के कस्तूरी गांव में न्याय आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित।
- ग्रामीणों को मिली प्रोजेक्ट वात्सल्य की जानकारी।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमेश कुमार व सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर रविवार को जिले के विभिन्न प्रखंड लीगल एड क्लिनिक द्वारा न्याय आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी कड़ी में पोड़ैयाहाट प्रखंड के कस्तूरी गांव में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को कानूनी व सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। डालसा टीम में शामिल मो० हसीब व शंकर चंद्र सेन ने गंदी बस्ती या सड़क पर रहने वाले बच्चों को नशे की लत छुड़ाने को लेकर झारखंड विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रोजेक्ट वात्सल्य पर प्रकाश डाला। कहा कि नशीले पदार्थ के सेवन से बच्चे पतन की ओर जाते हैं। नशा बच्चे के विकास में बाधा बनती हैं। यह नशीले पदार्थ परिवार के सुख एवं शांति को नष्ट कर देते हैं। प्रोजेक्ट वात्सल्य के मुख्य उद्देश्य सड़क पर रहने वाले बच्चों की मैपिंग, प्रायोजन, फोस्टर योजनाओं के साथ जुड़ाव, रीनपास में इलाज एवं काउंसिलिंग, ऐसे बच्चों का सरकारी विद्यालयों में दाखिला (अधिमानत: सरकारी आवासीय विद्यालय में) व्यक्तिगत बाल देखभाल, योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने, ऐसे बच्चे का पुनर्वास पूरा होने तक उचित निगरानी करना शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रखंडों में भी जगह-जगह शिविर आयोजित कर विविध जानकारी दी गई।



