समाधान दिवस में जनसुनवाई के साथ त्वरित कार्रवाई, 9 शिकायतों का निस्तारण

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन : तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए तत्परता से समाधान की दिशा में कार्य किया। इस दौरान प्राप्त कुल 51 शिकायतों में से 9 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान केवल संतुष्टिपरक हो, जिसमें संवाद, स्थल निरीक्षण और फीडबैक को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने कार्यालय में बैठकर कागजी खानापूर्ति करने वाले अधिकारियों को चेताया कि ऐसी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर जिन शिकायतों का समाधान हुआ, उनमें 3 नामांतरण, 3 पीएम किसान योजना, 2 दिव्यांगजन की समस्याएं और 1 पूर्ति विभाग से संबंधित थी।
तहसील परिसर में लगे विभागीय शिविरों में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि व आयुर्वेद विभागों ने सेवाएं दीं। 238 लोगों को मुफ्त आयुर्वेदिक दवाएं दी गईं और 6 दिव्यांगों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और इसे जनसेवा की दिशा में प्रशासन की सशक्त पहल बताया गया।



