बेतुल
बैतूल नियमितीकरण की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मिले दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी
2007 से सेवा में हैं पर आज भी अस्थायी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। नगर पालिका में वर्षों से ईमानदारी और निष्ठा से सेवाएं दे रहे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी आज भी स्थायीत्व की राह ताक रहे हैं। बैतूल नगर पालिका परिषद के इन कर्मचारियों ने आधा जीवन निकाय सेवा में गुजार दिया, फिर भी उनकी नियति अभी भी अस्थायी है। इस पीड़ा और न्याय की पुकार को लेकर कर्मचारियों ने अब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल से न्याय की गुहार लगाई है।
गुरुवार 11 जुलाई को दैनिक वेतन भोगी एवं संविदा कर्मचारी संघ ने प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन वर्ष 2007 से 2016 तक बैतूल नगर पालिका परिषद में लगातार कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण को लेकर दिया गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका परिषद बैतूल में लगभग 17-18 वर्षों से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों का अब तक कोई नियमितीकरण नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि वे विभिन्न विभागों में पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें स्थायी नियुक्ति से वंचित रखा गया है। इस स्थिति से उनके भविष्य को लेकर गहरी अनिश्चितता बनी हुई है। संघ के अध्यक्ष अमित सक्सेना ने ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित किया जाए, जिससे उनके जीवन और परिवार को स्थायीत्व मिल सके।
– प्रदेश अध्यक्ष ने दिया आश्वासन
प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल ने कर्मचारियों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी मांग पूरी तरह जायज है और वह इसे प्राथमिकता के साथ शासन स्तर पर उठाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों को न्याय मिलना चाहिए और इस दिशा में वे संबंधित विभागों से चर्चा करेंगे ताकि नियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सके।
– ज्ञापन सौंपने में यह रहे शामिल
ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष अमित सक्सेना, प्रमोद ठेकले, सुशील रागड़े, आर.ए. वासनिक (बंटी), राजाराम यादव, दीपक यादव, मधु चौकिकर, रामशंकर गाडगे, हंसराज पवार, रोहित बंजारे, पिंटू बोड़खे, रितेश बंसकार, शैलेन्द्र साहू, फईम शाह, कृष्णा यादव, विजय दवंडे, राजेश छिपने उपस्थित रहे।



