बेतुल
बैतूल अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं गुरु: गोवर्धन राने
भाजपा आठनेर मंडल ने किया सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भाजपा आठनेर मंडल के कार्यकर्ता गुरुजनों के घर पहुंचे तो भावनाओं का एक अद्भुत दृश्य सामने आया। तिलक, श्रीफल और अंगवस्त्र के साथ जब सम्मान किया गया, तो गुरुजनों की आंखें नम हो गईं। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार तथा भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार के मार्गदर्शन में जिलेभर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरुजनों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में भाजपा नगर मंडल आठनेर द्वारा ग्राम मांडवी में वरिष्ठ शिक्षक मधुसूदन अमरूते के निवास पर गुरु वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
– गुरू का स्थान सृष्टि में सर्वोपरि
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा मंडल अध्यक्ष गोवर्धन राने और कार्यकर्ताओं द्वारा गुरुजनों को तिलक लगाकर, श्रीफल और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित करते हुए की गई। उपस्थित गुरुजनों को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष गोवर्धन राने ने कहा कि गुरू का स्थान सृष्टि में सर्वोपरि है। वही हमें अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। समाज को सशक्त और संस्कारित बनाने में गुरुओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हर नागरिक को अपने जीवन में गुरुओं का सम्मान करना चाहिए। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक कस्तूरचंद बोरबन ने भाजपा के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में शिक्षक सम्मान की भावना और गहराई से उत्पन्न होती है।
– कार्यक्रम में इन शिक्षकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक रामदयाल नरवरे, नारायण नरवरे, काशीराम दवंडे, मधुसूदन अमरूते, कस्तूरचंद बोरबन एवं कथा वाचक व संगीत प्रशिक्षक संचिन जोशी महाराज का सम्मान किया गया। इस भावनात्मक आयोजन में भाजपा मंडल मंत्री माधोराव सातपुते, बूथ अध्यक्ष नीलम रायपुरे, अभिनंदन अनधोरे, मंशाराम राठौर, रामदास नरवरे, नंदकिशोर बारपेटे, रामनाथ अमरूते, कुंडलिक ठाकरे, उमेश नरवरे सहित भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




