अमरोहा
गंगा का जलस्तर बढ़ने से अमरोहा के गांवों में बाढ़
तिगरी में जलस्तर 199.90 सेमी, बिजनौर बैराज से 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : गंगा नदी का जलस्तर निरंतर बढ़ रहा है। तिगरी में गंगा का जलस्तर 199.90 सेमी दर्ज किया गया है, जबकि खतरे का निशान 202.00 सेमी है। बिजनौर बैराज से 50,066 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
बढ़ते जलस्तर के कारण कई गांवों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। खेतों में पानी घुस गया है और फसलें चार फीट तक डूब गई हैं। किसानों को खेतों तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है।
प्रभावित क्षेत्रों में मंदिर वाली भुड्डी, शीशो वाली, दारानगर, अलीनगर, चकनवाला ऐतवाली, सुल्तानपुर, ओसिता जगदेपुर, कांकाठेर, तिगरी समेत कई गांव शामिल हैं। हसनपुर तहसील के गांव सिरसा गुर्जर की मढैया, सतैडा की मढैया, गंगानगर और पौरारा भी प्रभावित हुए हैं।
बाढ़ खंड विभाग के जेई सुभाष कुमार ने बताया कि जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। गंगा किनारे के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। ओसिता जगदेपुर के ग्रामीणों को बाढ़ के पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। पशुओं के लिए चारा लाने में भी परेशानी हो रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
|
|



