अमरोहा
गुरु पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर दिखी आस्था
ब्रजघाट और तिगरी धाम पर हजारों ने लगाई डुबकी, आसपास के जिलों से भी पहुंचे लोग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ब्रजघाट और तिगरी गंगा धाम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। प्रशासन ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गंगा घाटों पर बेरीकेडिंग करवाई। गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए गए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस और गोताखोर तैनात रहे। गुरुवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। हर-हर गंगे के जयकारों के बीच स्नान का क्रम सुबह 11 बजे तक चला। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाट पर मौजूद पुरोहितों से भगवान सत्य नारायण की कथा सुनी और हवन में भाग लिया।
कई जिलों से पहुंचे लोग
ब्रजघाट पर मुरादाबाद, हापुड़, गजरौला, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, दिल्ली और हरियाणा से श्रद्धालु पहुंचे। तिगरी धाम पर गजरौला, धनौरा, चांदपुर सहित आसपास के गांवों से हजारों लोग आए। श्रद्धालुओं ने गंगा में फूल-प्रसाद अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।



