अमरोहा
अमरोहा में बारिश से गिरी टीनशेड की दीवार
मलबे में दबकर पति की मौत, पत्नी घायल; तीन बच्चे दूसरे कमरे में थे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : मंडी धनौरा में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। थाना क्षेत्र के ग्राम कैसरा में बारिश के दौरान टीनशेड की दीवार गिरने से एक दंपति दब गए। हादसे में 58 वर्षीय खचेड़ू की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कमलेश देवी घायल हो गईं।
घटना तड़के तीन बजे की है। खचेड़ू अपनी पत्नी के साथ टीनशेड में सो रहे थे। उनके तीनों बेटे दूसरे कमरे में थे। बारिश के दौरान अचानक दीवार गिर पड़ी। आसपड़ोस के लोगों ने शोर सुनकर दंपति को मलबे से बाहर निकाला।
मदद का आश्वासन मिला
घायल दंपती को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। खचेड़ू की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रेफर किया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। खचेड़ू खेती और मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। तहसीलदार मूसाराम थारू ने कहा कि घटना की जानकारी मिल गई है। गांव में राजस्व निरीक्षक को भेजा जा रहा है। नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी।



