अमेठी
गुरु पूर्णिमा श्रद्धा एवं सद्भाव के साथ मनाया गया
Guru Purnima was celebrated with devotion and harmony

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
अमेठी। गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व जिले भर में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। शिक्षण संस्थानों व आश्रमों में गुरू पूजन के कार्यक्रम आयोजित हुए। शिष्यों ने अपने गुरुओं का पूजन कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।
गायत्री शक्ति पीठ अमेठी में हवन पूजन के साथ पौधरोपण किया गया। गुरु-शिष्य परम्परा की अनुपम मिसाल और श्रद्धा के पर्व गुरू पूर्णिमा पर गुरुवार की सुबह से ही गुरुओं के दर्शन और आशीर्वाद के लिए शिष्य आश्रमों व गुरुजनों के घरों में पहुंचने लगे। स्वामी परमहंस आश्रम टीकरमाफी में गुरु पूर्णिमा का पर्व वैदिक विधि विधान से मनाया गया। स्वामी हरि चैतन्य ब्रह्मचारी महाराज ने स्वामी परमहंस की समाधि स्थल की पूजा अर्चना किया।
उसके बाद हर्ष महराज ने वैदिक विधि विधान से ब्रह्मचारी महाराज की पूजा अर्चना व आरती किया। परम्परा के अनुसार आश्रम के शिष्यों ने गुरू की पूजा कर उनका आशीर्वाद लिया। हर्ष महराज ने कहा कि जैसे सूर्य के ताप से तप्त भूमि को वर्षा से शीतलता एवं फसल पैदा करने की शक्ति मिलती है, वैसे ही गुरु चरणों में उपस्थित साधकों को ज्ञान, शांति, भक्ति और योग शक्ति मिलती है। उन्होंने बताया कि इसी दिन महाभारत के रचयिता कृष्ण द्वेयापन व्यास का जन्मदिन भी है। वे संस्कृत के प्रकांड विद्वान थे। उनके सम्मान में गुरु पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। गुरुपूजन परम्परा के बाद आश्रम में भंडारे का भी आयोजन हुआ।
भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर प्राचार्य धर्मेंद्र,त्रिपाठी,अनिल कुमार, स्वामी सेवक, मुन्ना सिंह, अजय दुवेदी, संजय कुमार, सत्य प्रकाश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।


