बरेली
कांवड़ियों की सेवा में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने संभाली कमान
जिले में छः स्थानों पर बड़े स्तर पर भंडारे का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बरेली। पवित्र सावन माह में शिवभक्ति की उमंग के बीच बरेली जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया है, जहां प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने कांवड़ियों की सेवा में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जिले में कुल 6 स्थानों पर बड़े स्तर पर भंडारे आयोजित किए गए हैं। इन भंडारों के लिए विशाल पंडाल लगाए गए हैं, जिनमें ठहरने, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था की गई है। कांवड़ियों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए चिकित्सा टीम भी हर स्थान पर तैनात की गई है।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं भोजन परोसकर शिवभक्तों की सेवा की और उनकी यात्रा के अनुभवों को भी जाना। भाजपा सांसदों और विधायकों ने भी कांवड़ियों को अपने हाथों से भोजन परोसा, जिससे भक्तों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद की गई है। पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। कुल मिलाकर, बरेली में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासनिक सतर्कता और सेवा भावना की मिसाल पेश की गई है। श्रद्धालु शिवभक्तों के बीच प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की यह सेवा चर्चा का विषय बनी हुई है। भंडारे में सांसद बरेली छत्रपाल सिंह बिथरी चैनपुर विधायक डॉक्टर राघवेंद्र शर्मा, डीसी वर्मा विधायक,एमएलसी बहोरन लाल, एमपी आर्या विधायक ब्लॉक प्रमुख पति वेद प्रकाश यादव जिलाधिकारी अवनीश सिंह,एसएसपी अनुराग आर्य एसडीएम समेत कई गणमन लोग शामिल रहे भंडारे आए कांवड़ियों और अतिथि के स्वागत मंच का संचालन लेखपाल श्रीदत्त शर्मा ने किया।



