अमरोहा

तहसील भवन, आश्रम पद्धति विद्यालय और थाना तैयार, हैंडओवर का इंतजार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
  अमरोहा : जनसुविधाओं को बढ़ाने के लिए हसनपुर को तीन सौगातें मिलीं हैं। तीनों का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। हालांकि, विभागों को हैंडओवर न होने के कारण इनका लाभ अभी तक भी स्थानीय लोगों को नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने इनकी हैंडओवर की प्रक्रिया शीघ्र कराए जाने की मांग की है।
हसनपुर तहसील का पुराना भवन जर्जर होने के कारण यहां तहसील भवन के निर्माण को मंजूरी मिली थी। इसके बाद गांव करनपुर में तहसील भवन का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा ग्राम सोंहत में राजकीय आश्रम आश्रम पद्धति विद्यालय और रहरा में थाने का निर्माण पूरा हो गया है लेकिन इन तीनों ही भवनों के संबंधित विभाग को हैंडओवर न होने के कारण इनका लाभ अभी तक स्थानीय लोगों को मिलना शुरू नहीं हुआ है।
तहसील भवन से बढेंगी राजस्व सुविधाएं
हसनपुर में नई तहसील का निर्माण गांव करनपुर माफी में कराया गया है। कार्यदायी संस्था वीजा इंजीनियरिंग एंड प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 25 जून 2021 को इसका निर्माण कार्य शुरू किया था। नई तहसील का निर्माण कार्य लगभग 9.50 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। नवनिर्मित तहसील भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और इसके चालू होने से नागरिकों को विभिन्न राजस्व संबंधित कार्यों के लिए बेहतर और सुगम सेवाएं मिल सकेंगी। इस भवन के बनने से नागरिकों को विभिन्न प्रमाणपत्र, खसरा-खतौनी, राजस्व संबंधी मामले और अन्य सरकारी कार्यों के लिए एक ही स्थान पर बेहतर सेवाएं मिलेंगी। उम्मीद है कि इससे लोगों को होने वाली असुविधा कम होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। यह पहल हसनपुर क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी
जिससे प्रशासनिक दक्षता में सुधार आएगा और जनता को त्वरित न्याय मिल सकेगा।
अगले सत्र में हो सकते हैं आश्रम पद्धति विद्यालय में प्रवेश
गांव सोंहत में 40 बीघा भूमि में 26 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुए आश्रम पद्धति विद्यालय में अगले शैक्षणिक सत्र से आश्रम पद्धति विद्यालयों में प्रवेश शुरू होने की संभावना है। इसका निर्माण 2021 में शुरू हुआ था। आश्रम पद्धति विद्यालय एक आवासीय शिक्षा प्रणाली है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। इन विद्यालयों में छात्रों को मुफ्त शिक्षा, भोजन और आवास की सुविधा मिलती है। यदि यह योजना लागू होती है, तो हसनपुर व आसपास के क्षेत्रों के वंचित छात्रों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करने का एक सुनहरा अवसर  मिलेगा। यह विद्यालय क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नए भवन की बाट जोह रहा रहरा थाना
रहरा थाना भी अपने नए भवन का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। इसका निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही इस नए और आधुनिक भवन में थाने का संचालन शुरू हो जाएगा। नए भवन में पुलिसकर्मियों और आम जनता दोनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पर्याप्त स्थान, मालखाना, हवालात व आगंतुकों के लिए  प्रतीक्षालय जैसी मूलभूत सुविधाएं होंगी। यह नया भवन पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायक होगा, जिससे नागरिकों को भी पुलिस सेवाओं का बेहतर अनुभव मिलेगा।
– आश्रम पद्धति विद्यालय में शिक्षकों के आवास व डोरमेट्री आदि का काम शेष रह रहा है। जिसको शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्य पूरा होने के बाद विद्यालय में शिक्षण कार्य शुरू कराया जाएगा।- पंखुरी जैन, जिला समाज कल्याण अधिकारी
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button