गोड्डा

गर्ल्स हाई स्कूल में पेड़ काटने के दौरान टला बड़ा हादसा

- बिजली के तार पर टूट कर गिरा पेड़ का डाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
  गोड्डा/पथरगामा : प्रखंड के गर्ल्स हाई स्कूल परिसर में सोमवार को एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया जब परिसर में लगे एक विशाल नीम के पेड़ को काटा जा रहा था। पेड़ की एक भारी डाल अचानक पास से गुजरती विद्युत तार पर गिर गई, जिससे तार टूटकर नीचे गिर गया। उसी समय कई बच्चे ट्यूशन से लौट रहे थे और बिजली के तार के गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की सतर्कता के चलते बड़ी अनहोनी टल गई। एक ग्रामीण ने बच्चों को जोर से चिल्लाकर वहां से हटाया, जिससे किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
बिना अनुमति काटा जा रहा था पेड़
विद्युत सहायक अभियंता कंचन टुडू ने बताया कि पेड़ काटने के लिए न तो विभाग से कोई पूर्व सूचना दी गई थी और न ही अनुमति ली गई थी। यह कार्य पूरी तरह अवैध रूप से किया जा रहा था। वहीं इस कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में रोष है। स्थानीय ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए इसे संवेदक की गंभीर लापरवाही बताया। ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना रवैये का उदाहरण है और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जिस जगह यह पेड़ था, वहां गर्ल्स हाई स्कूल परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र तुलसीकित्ता-1 भवन का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते पेड़ को हटाया जा रहा था। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते चेतावनी नहीं दी जाती, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर किसी की जान जाती, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता?
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button