गोड्डा
सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी भीड़
- श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन रही मुस्तैद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा/महागामा : प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत ऊर्जा नगर स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में पहले सावन के सोमवार के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर और इसके आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। वहीं मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था की कमान महागामा थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह ने स्वयं संभाली। उनके नेतृत्व में अन्य पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने पूरे मंदिर परिसर में मोर्चा संभाल रखा था। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और किसी को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए पुलिस लगातार गश्ती करती रही।
महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने महागामा के विभिन्न शिव मंदिरों में जाकर मंदिरों में जाकर निरीक्षण किया एवं मौजूद पुलिस कर्मियों को अहम दिशा निर्देश भी दिए। कहीं से किसी भी प्रकार की कोई घटना ना घटित हो इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से एकदम सख्त निगरानी बनाए हुए थे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूरे परिवार के साथ ऊर्जा नगर स्थित शिव मंदिर पहुंचे और माथा टेका साथ ही क्षेत्र वासियों के लिए सुख समृद्धि की कामना की।




