अमरोहा
अमरोहा में बैंकों की चौखट पर दम तोड़ रहा स्वरोजगार का सपना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार की ओर से शुरू की गई सीएम युवा उद्यमी योजना बैंक अधिकारियों की उदासीनता के चलते दम तोड़ती नजर आ रही है। बैंकों की लेटलतीफी के चलते बड़ी तादाद में आवेदन लंबित चल रहे हैं। यह हालात तब हैं, जब डीएम हर माह योजना की समीक्षा भी कर रही हैं। उद्योग विभाग के अनुसार सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त लोन उपलब्ध कराया जाता है। वित्तीय साल 2025-26 के लिए जिले में 1800 युवाओं को योजना का लाभ दिए जाने का लक्ष्य जिले में रखा गया है। आवेदकों को बार-बार चक्कर काटने के लिए मजबूर किया जाता है।
जिले में 2800 से अधिक युवाओं ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया गया है, जिसमें अभी तक केवल 407 आवेदकों को ही योजना के तहत ऋण मिल सका है, जबकि 143 आवेदन स्वीकृत किए हैं। बैंकों द्वारा 1500 आवेदन अलग-अलग कारण बताते हुए निरस्त कर दिए गए हैं, जबकि 950 आवेदक बैंकों के चक्कर काट रहे हैं। सरकार चाहती है कि हर युवा स्वरोजगार की राह पर चलकर आत्मनिर्भर बने, लेकिन बैंक शाखाएं रोड़ा बनी हैं।प्रदेशभर में सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यमों की स्थापना के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत 10-20 लाख रुपये तक का ऋण दिया जा रहा है। नए उद्योग लगाने की कोशिश में जुटे युवाओं को बैंक ऋण देने में आनाकानी कर रहे है। महीनों तक फाइलें बैंकों में धूल फांक रही हैं। इसके बाद उन्हें अस्वीकृत कर दिया जा रहा है। बैंक में लोन के लिए आवेदन करने वाले युवाओं की मानें तो कई बार चक्कर लगाने के बाद भी उनका लोन स्वीकृत नहीं किया जाता है।
योजना की लगातार समीक्षा की जा रही है। सभी बैंकों को इस संबंध में निर्देश भी दिए गए हैं कि मामूली कमियों के कारण आवेदनों को निरस्त न किया जाए। बल्कि उन कमियों को दूर कर युवाओं को योजना का लाभ दें। – अश्वनी कुमार मिश्रा, सीडीओ
यह है बैंकों की स्थिति
बैंक – आवेदन – स्वीकृत हुए – लोन मिला – निरस्त आवेदन
एक्सिस बैंक 44 – 4 – 00 – 4
बैंक ऑफ बड़ौदा 85 – 6 – 26 – 64
केनरा बैंक 90 – 9 – 38 – 117
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 9 2 – 12 – 12
एचडीएफसी 96 – 00 – 03 – 46
आईसीआईसीआई 02 – 00 – 00 – 01
प्रथमा बैंक 108 – 33 – 110 – 388
पीएनबी 125 – 42 – 57 – 249
एसबीआई 151 – 32 – 117 – 527
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया 11 – 01 – 12 – 21



