बरेली
आरटीओ कार्यालय ने प्लास्टिक मुक्त पहल कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आरटीओ परिसर को अब पूरी तरह से प्लास्टिक और पॉलीथिन मुक्त घोषित कर दिया गया है। यह निर्णय न केवल स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाएगा बल्कि अन्य सरकारी विभागों के लिए भी एक उदाहरण प्रस्तुत करेगा। आरटीओ अधिकारी प्रवर्तन दल प्रणव झा ने बताया कि कार्यालय परिसर में अब किसी भी प्रकार की प्लास्टिक या पॉलीथिन सामग्री के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके स्थान पर अब पर्यावरण के अनुकूल विकल्प जैसे कपड़े, जूट और कागज से बने थैले एवं अन्य सामग्री का प्रयोग अनिवार्य किया गया है। अधिकारी ने बताया कि यह पहल राज्य और केंद्र सरकार की स्वच्छ भारत मिशन और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त भारत जैसी योजनाओं के समर्थन में उठाई गई है। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि जब भी वे कार्यालय आएं, तो प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें।
स्थानीय नागरिकों और कार्यालय कर्मचारियों ने इस निर्णय का स्वागत किया है।



