बरेली
रिद्धिमा और सोनी इंडिया के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर
छात्रों को मिलेगा तकनीकी लाभ और वैश्विक मंच तक पहुंच होगी आसान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरेली : कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एसआरएमएस रिद्धिमा और सोनी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए। इस समझौते के माध्यम से विभिन्न विधाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल इमेजिंग तकनीकों तक पहुंच प्राप्त होगी, जो उनके व्यावसायिक कौशल को निखारने में सहायक सिद्ध होगी।
इस एमओयू के अंतर्गत, सोनी इंडिया चयनित डिजिटल इमेजिंग उत्पादों को शैक्षणिक उपयोग और छात्रों की आंतरिक परियोजनाओं हेतु विशेष रियायती दरों पर उपलब्ध कराएगा। छात्र सोनी के अधिकृत चैनल पार्टनर के माध्यम से प्रमाणित दस्तावेज (जैसे आधार कार्ड, कॉलेज आईडी आदि) के साथ इन उत्पादों को खरीद सकेंगे। इस अवसर पर संस्थान के प्रबंध न्यासी देव मूर्ति जी ने कहा, “यह समझौता हमारे छात्रों को न केवल तकनीकी संसाधन प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें वैश्विक मंचों पर पहचान बनाने का अवसर भी देगा। यह हमारे कौशल उन्नयन मिशन की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस साझेदारी को ‘शिक्षा और उद्योग के बीच सेतु’ बताते हुए कहा कि भविष्य के कंटेंट क्रिएटर्स और फिल्ममेकर्स को शुरुआत से ही प्रोफेशनल टूल्स तक पहुंच देना जरूरी है।“ यह साझेदारी न केवल छात्रों के लिए लाभकारी है, बल्कि संस्थान को तकनीकी नवाचार, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगी।



