जयपुर

इंस्टाग्राम पर दोस्ती: होटल में दुष्कर्म

इंटरव्यू के बहाने युवती को बुलाया 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जयपुर। जयपुर के सांगानेर इलाके में इंटरव्यू के बहाने होटल बुलाकर युवती से रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए पहले दोस्ती की, फिर नौकरी का झांसा देकर उसे फंसाया। कोल्ड ड्रिंक में नशा मिलाकर होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम पर शुरू हुई बातचीत
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवती अलवर जिले की रहने वाली है और उम्र करीब 21 साल है। कुछ दिनों पहले इंस्टाग्राम पर उसकी आरोपी युवक से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को एक प्राइवेट कंपनी का मालिक बताया और कहा कि वह युवती को अपनी कंपनी में अच्छी सैलरी पर नौकरी दिला सकता है। युवती ने झांसे में आकर भरोसा कर लिया।
होटल में इंटरव्यू का झांसा
14 जुलाई को आरोपी ने युवती को जयपुर बुलाया और कहा कि वह उसे जॉब के लिए इंटरव्यू दिलवाएगा। अगले दिन यानी 15 जुलाई को आरोपी ने सांगानेर के पन्नाधाय सर्किल स्थित एक होटल में इंटरव्यू रखने की बात कही। युवती इंटरव्यू देने के लिए बताई गई लोकेशन पर पहुंची।
नशा देकर होटल रूम में किया रेप
होटल में मिलने पर आरोपी ने युवती को कोल्ड ड्रिंक ऑफर की। पीड़िता के अनुसार, कोल्ड ड्रिंक में नशे की कोई चीज मिलाई गई थी। कोल्ड ड्रिंक पीते ही युवती को चक्कर आने लगे और वह बेसुध होने लगी। इसी दौरान आरोपी ने होटल रूम में ले जाकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया।
धमकाया और गालियां दीं
जब युवती को होश आया तो उसने विरोध किया। इस पर आरोपी ने उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। डर और सदमे में युवती किसी तरह होटल से बाहर निकली और परिजनों को पूरी घटना बताई।
सांगानेर थाने में FIR दर्ज
घटना के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ सांगानेर थाने पहुंची और बुधवार रात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करवाई। केस की जांच सांगानेर के एसीपी विनोद शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी की पहचान और लोकेशन की पुष्टि कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जा सकता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button