अमेठी
नोडल अधिकारी ने किया बस स्टेशन, अमेठी डिपो और रोडवेज वर्कशॉप का निरीक्षण
नोडल अधिकारी ने बस स्टेशन की नाक के नीचे से हो रही डग्गामारी पर कोई ध्यान नहीं दिया

एक पेड़ मां के नाम -थीम को आगे बढ़ाया, पौधरोपण किया
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से नियुक्त अयोध्या मंडल के नोडल अधिकारी विनोद कुमार ने शुक्रवार को अमेठी डिपो,बस स्टेशन और डिपो वर्कशॉप का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस स्टेशन और कार्यशाला परिसर में ए आर एम काशी प्रसाद और सेवा प्रबंधक नीरज सोनकर के साथ पौधरोपण भी किया।
नोडल अधिकारी विनोद कुमार शुक्रवार को सुबह लगभग दस बजे बस स्टेशन पहुंचे।ए आर एम को साथ लेकर वे सीधे डिपो कार्यशाला गये। यहां उन्होंने साफ सफाई की व्यवस्था, डीजल रजिस्टर, स्टोर रूम और बस का निरीक्षण किया।साफ सफाई की व्यवस्था अच्छी मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। वर्कशॉप में निरीक्षण के दौरान अमेठी सुल्तानपुर मार्ग, अमेठी अठेहा मार्ग और अमेठी कानपुर मार्ग का लोड फैक्टर कम मिला। नोडल अधिकारी ने रोडवेज कर्मियों को लोड फैक्टर बढ़ाने के निर्देश दिए।वर्कशॉप में उन्होंने आम और अमरुद के पेड़ लगाए। वर्कशॉप से वापस लौटने के बाद नोडल अधिकारी ने बस स्टेशन पर बोधिवृक्ष पीपल रोपित किया।बस स्टेशन पर साफ सफाई की व्यवस्था अच्छी मिलने पर उन्होंने खुशी जताई। कैंटीन के निरीक्षण के दौरान संचालक को रोडवेज कर्मचारियों और यात्रियों को जलपान और भोजन की बेहतर सुविधाएं हमेशा बनाए रखने के निर्देश दिए। बस स्टेशन पर वाटर कूलर और महिला शौचालय की व्यवस्था मिलने उन्होंने ए आर एम की प्रशंसा की और सेवा प्रबंधक को निरीक्षण रिपोर्ट के साथ प्रशंसा पत्र जारी करने के निर्देश दिए। अमेठी डिपो में इस समय 55बसें आन रोड है।ए आर एम की ओर से 23मिनी बसों की मांग की गई है। बारिश के कारण लोड फैक्टर घटकर पचास से भी कम हो गया है।डग्गामार वाहनों पर नहीं गई नोडल अधिकारी की नजर
पुलिस और ए आर टी ओ की शिथिलता के कारण डग्गामार वाहन रोज डिपो की नाक के नीचे से सवारियां उठाते हैं।ए आर एम की ओर से कई बार पत्राचार के बाद भी पुलिस प्रशासन के अधिकारी और ए आर टी ओ डग्गामारी रोकने में डिपो का कोई सहयोग नहीं कर रहे हैं। डिपो को प्रतिदिन चूना लग रहा है। शुक्रवार को निरीक्षण के लिए अमेठी आए नोडल अधिकारी विनोद कुमार ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।


