
खेड़लीबाजार से पद्मशेष धाम तक शिवभक्तों की चरणधूलि से पवित्र होगा मार्ग
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बैतूल। शिवभक्ति से ओतप्रोत खेड़ली बाजार की धरती एक बार फिर आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित होने जा रही है। आज मंगलवार 22 जुलाई को हर-हर महादेव के उद्घोष और भक्तों की आस्था के साथ त्रिशूल बाण यात्रा नागद्वार के लिए आरंभ होगी।
यात्रा का आयोजन सुबह 10 बजे किया जाएगा। यह यात्रा नागद्वार सेवा समिति और ग्रामीण जनों के सामूहिक सहयोग से आयोजित की जा रही है। यात्रा की शुरुआत खेड़ली बाजार से होगी जो धनगौरी, नागद्वार और चौरागढ़ महादेव होते हुए निर्माणाधीन पद्मशेष धाम पर समाप्त होगी।

यात्रा के मार्ग में जगह-जगह भक्तों और ग्रामीणों द्वारा स्वागत की तैयारी की गई है। नागद्वार सेवा समिति की ओर से कई स्थानों पर भंडारे और प्रसादी वितरण की व्यवस्था की गई है, जिससे राह में चल रहे श्रद्धालुओं को भोजन और जल की सुविधा मिल सके। इस आयोजन में खेड़ली बाजार सहित आसपास के सैकड़ों गांवों से श्रद्धालु भाग लेंगे।
यात्रा के अंतिम पड़ाव पद्मशेष धाम पर त्रिशूल बाण की स्थापना की जाएगी। समिति ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे यात्रा में पूरी आस्था और संयम के साथ शामिल हों तथा भक्ति के साथ अनुशासन का पालन करें। इस विशाल त्रिशूल बाण यात्रा को लेकर पूरे खेड़ली बाजार में धार्मिक वातावरण बना हुआ है।



