गोड्डा

दबंगों ने बंद किया सरकारी पुल, खेतों में भरा पानी 

किसानों पर टूटा आफत का पहाड़, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा/मेहरमा : प्रखंड अंतर्गत धनकुढ़ीया गांव में कुछ दबंगों की मनमानी ने किसानों की जिंदगी संकट में डाल दी है। कुछ दबंगों द्वारा गांव में बहने वाले तीन सरकारी पुल को अवैध रूप से बंद कर दिया गया है, जिससे बारिश का पानी खेतों में भर गया और करीब दस बीघा से अधिक उपजाऊ भूमि जलमग्न हो गया है। इससे धान की रोपनी अधर में लटक गई है और किसान गंभीर आर्थिक संकट में फंसते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने जब यह मामला मेहरमा अंचलाधिकारी के पास उठाया तो उनके निर्देश पर राजस्व कर्मचारी और सीआई ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अंचलाधिकारी ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी और समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।
किसानों की आंखों में चिंता और मन में गुस्सा पीड़ित किसान शिवपूजन यादव ने बताया, मेरी लगभग पांच बीघा जमीन पानी में डूब गई है। अगर समय रहते पानी की निकासी नहीं हुई तो धान की रोपाई नहीं हो पाएगी और पूरे साल का अनाज संकट में आ जाएगा। वहीं एक अन्य किसान मनीत यादव ने इसे भयावह स्थिति करार देते हुए कहा, जिस तरह से खेतों में पानी भरा है, उससे साफ है कि बिना प्रशासनिक कार्रवाई के हम बर्बादी की ओर बढ़ेंगे। पूरे गांव में गहरी नाराजगी और बेचैनी का माहौल है। अब सवाल यह है कि प्रशासन के लिए यह मामला सिर्फ जलजमाव का नहीं, बल्कि प्रशासनिक संवेदनशीलता और जवाबदेही का भी है। देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन ग्रामीणों के सब्र का कितना इम्तिहान लेता है, या फिर जल्द राहत की दिशा में ठोस कदम उठता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button