
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : कांवड़ियों का वाहन डिवाइडर से टकराकर पलटने से पांच घायल हो गए। गजरौला में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में आठ शिवभक्त घायल हुए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। ये सभी ब्रजघाट से जल लेकर लौट रहे थे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रवाना कर दिया गया।
1 जोया में पलटा कांवड़ियों का वाहन
2 गजरौला में दो हादसों में आठ घायल
3 पुलिस ने घायलों को कराया अस्पताल में भर्ती
अमरोहा में ब्रजघाट से शिवरात्रि के लिए जल लेकर जा रहे डाक कांवड़ियों का वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और फिर पलट गया। इस हादसे में पांच कांवड़िये घायल हो गए। उधर, गजरौला में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो हादसों में आठ शिवभक्त घायल हुए हैं। बुधवार को शिवरात्रि के पर्व पर जनपद संभल के बनियाठेर का शिव कांवड़ बेड़ा दर्जन भर युवकों के साथ डाक कांवड़ लेने ब्रजघाट गया था।
डिवाइडर पर चढ़कर पलटा वाहन
वहां से वापस जाते समय जोया में हाइवे पर आनन्द बिहार कॉलोनी के पास चालक को झपकी आने से डीजे लगा छोटा हाथी डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। जिससे ऊपर बैठे चालक बदायूं जनपद के बिसौली के रहने वाले दीपक, विक्की, रणजीत निवासी बनियाखेड़ा सम्भल, सुरजीत व अजय मानकपुर थाना बनियाखेड़ा घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा
मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज अनुज एहलावत ने सभी घायलों को कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया और क्रेन से वाहन को सीधा करवा दिया गया। सभी कांवड़िये उपचार कराकर अपने गंतव्य को रवाना हो गए।
गजरौला में हुए दो हादसे
उधर, गजरौला में दो हादसे हुए। पहला हादसा मंडी धनौरा मार्ग पर अहरौला तेजवन गांव के सामने बाइक फिसलने पर हुआ। इसमें आदमपुर निवासी जितेंद्र, तिगरी निवासी विक्रम व आवेश घायल हुए हैं। दूसरा हादसा कुमराला पुलिस चौकी के पास में हुआ। यहां पर डाक कांवड़ियों की कई बाइकें के आपस में टकरा गई।
हादसे में ये हुए घायल
इस हादसे में आदमपुर के रहने वाले विजेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, लाखन सिंह, रूप सिंह व आकाश घायल हो गए। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां से प्राथमिक उपचार के बाद शिव भक्त अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।



