
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गजरौला। रेलवे के हाइट गेज से टकराकर डीसीएम की छत पर तिरपाल ओढ़कर बैठे कांवड़िये की मौत हो गई। हादसे के बाद कांवड़ियों ने काफी देर तक हंगामा भी किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कांवड़ियों को समझा बुझाकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जिला हापुड़ के थाना क्षेत्र गढ़ के गांव लठीरा गड़ावली निवासी युवक हरिद्वार से डीसीएम द्वारा डाक कांवड़ लेकर लौट रहे थे। डीसीएम में डीजे भी लदा था। डीजे के ऊपर गांव निवासी हरिओम (30) पुत्र सोमपाल बैठा था। बारिश के कारण उसने तिरपाल ओढ़ रखी थी। गजरौला थानाक्षेत्र की ब्रजघाट चौकी क्षेत्र में ओसीता जगदेवपर के अंडरपास से हाइट गेज के नीचे से निकलते वक्त डीजे की ऊंचाई अधिक होने के कारण हरिओम हाइट गेज से टकरा गया। तिरपाल ओढ़ने के कारण उसे हाइट गेज का पता न चला। हाइट गेज में सिर लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि डीजे आदि सामान नीचे बिखर गया। हादसे के बाद कांवड़ियों ने काफी देर तक हंगामा भी किया, आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कांवड़ियों को समझा बुझाकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर सीएचसी के लिए भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रधान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।



