बरेली
ग्राम पंचायतों के क्षेत्र पंचायत वार्डों का होगा परिसीमन, डीएम ने जारी किए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : जिले में नगर निकाय के परिसीमन से प्रभावित ब्लॉकों की ग्राम, क्षेत्र और जिला पंचायतों के वार्डों के आंशिक परिसीमन के संबंध में कार्रवाई शुरू हो गई है। इस मामले में डीएम ने बीडीओ और एडीओ पंचायत को निर्देश भी जारी कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि इस बार के परिसीमन के क्षेत्र पंचायत के वार्डों में कोई वृद्धि नहीं होगी, बल्कि कमी आएगी।
डीपीआरओ कमल किशोर के मुताबिक, जिले में केवल दो ब्लॉक मझगवां और नवाबगंज की उन पांच ग्राम पंचायतों के वार्डों का परिसीमन होना है, जो पूर्व में निकाय चुनाव में प्रभावित हुई थी। उनमें मझगंवा की तीन ग्राम पंचायतें, बेहटाजुनू, आबादानपुर, नगरिया सतन और नवाबगंज की याकूबनगर और बहोरन नगला हैं। यह पांच ग्राम पंचायतें वर्तमान में अस्तित्व में नहीं हैं, वह पूर्व में क्षेत्रीय निकाय में समायोजित हो चुकी हैं। इसलिए यहां के क्षेत्र एवं जिला पंचायत के वार्डों का परिसीमन होगा। इस दौरान जो भी आबादी नए वार्ड के लिए सृजित होगी, उसे अन्य निकटवर्ती वार्ड में जोड़ दिया जाएगा।



