अमरोहा
अमरोहा में बच्चा चोरी का प्रयास
दो बच्चों को उठाकर भाग रहे नशेड़ी युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के कस्बा चुचेला में एक युवक द्वारा दो छोटे बच्चों को उठाकर भागने का मामला सामने आया है। घटना चुचैला कलां कस्बे के मोहल्ला अम्बेडकर के पास की है। कपिल कुमार के घर के बाहर उनके डेढ़ वर्षीय बेटी अन्वी और तीन वर्षीय बेटा अस्मित खेल रहे थे। दोपहर करीब दो बजे एक अंजान युवक ने दोनों बच्चों को गोद में उठाकर तेजी से वहां से जाने लगा। कपिल के पड़ोसी ने इस संदिग्ध गतिविधि को देखा और तुरंत शोर मचा दिया। बच्चा चोर की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए और कुछ ही दूरी पर युवक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बच्चों को छुड़ाकर उनके पिता को सौंप दिया और आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों से छुड़ाकर रामपुर तगा चौकी ले गई।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धर्मेंद्र (25 वर्ष) पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी मीरापुर थाना चांदपुर बिजनौर बताया। चौकी प्रभारी संजीव कुमार के अनुसार, युवक शराब के नशे में था और बछरायूं क्षेत्र में किसी बाग में नौकरी करने की बात कह रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। चौकी प्रभारी ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



