अमरोहा
अमरोहा में कम्युनिस्ट पार्टी ने उठाई आवाज
राशन कार्ड, मनरेगा मजदूरी बढ़ाने और स्कूल न बंद करने की मांग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : मंडी धनौरा में गुरुवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। पार्टी सदस्य नरेश चंद्रा के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने पूर्ति विभाग के पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पात्र लोगों को नए राशन कार्ड जारी करने और यूनिट जोड़ने की भी मांग रखी। केरल सरकार की तर्ज पर मनरेगा मजदूरों को 730 रुपए प्रतिदिन दिहाड़ी देने का प्रस्ताव भी ज्ञापन में शामिल किया गया। पार्टी ने प्रदेश के किसी भी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय को बंद न करने की मांग की है। इसके बजाय शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार पर जोर दिया गया। जल जीवन मिशन योजना के तहत शहरों और गांवों की पक्की सड़कों की क्षतिग्रस्त स्थिति पर भी ध्यान दिलाया गया। कार्यकर्ताओं ने धनौरा शेरपुर रोड पर स्थित नवाबपुरा गांव में जलभराव की समस्या का समाधान करने और सड़क की जांच की मांग भी की। इस अवसर पर नरेश चंद्रा, घसीटा सिंह, सुमेरा सिंह, विजेंद्र सिंह, नत्थू सिंह, मोहम्मद राजा, धर्मपाल सैनी, मुनीर अहमद और विनय कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।



