मथुरा
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, 15 अगस्त की मध्यरात्रि में जन्म लेंगे कन्हैया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और 15 अगस्त को लेकर मंदिरों, आश्रमों में तैयारियां अपने चरम पर हैं। मथुरा के प्रमुख मंदिर श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारिकाधीश मंदिर, वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, इस्कॉन, प्रेम मंदिर, ठाकुर राधारणम मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव 15 अगस्त की मध्यरात्रि मनाया जाएगा। शहर को सजाने की तैयारी चल रही हैं। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। इसकी रणनीति महापौर विनोद अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयार की है। नगरी के सभी प्रमुख मंदिर, आसपास का क्षेत्र, तिराहे व चौराहे आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों से जगमग होंगे। विशेष अभियान चलाकर सफाई अभियान चलाया जाएगा। इन क्षेत्र की सभी स्ट्रीट लाइटें, हाईमास्ट लाइटों को दुरुस्त किया जाएगा। श्रीकृष्ण की लीला की पेंटिंग कराई जाएगी। इन विशेष दिवस पर कान्हा की नगरी में भव्यता नजर आएगी। इसकी तैयारी का खाका महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त जग प्रवेश ने खींचा है। सभी विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर भी पूरे नगर को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों से जगमग किया जाएगा। इस बार इन तिराहे व चौराहों को और बेहतर तरीके से सजाया जाएगा। दूसरे दिन 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी है, ऐसे में कान्हा की नगरी में द्वापरयुग जीवंत होगा।



