
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा/महागामा : प्रखंड स्तरीय राजेंद्र स्टेडियम ऊर्जा नगर में 2 जुलाई को आयोजित सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता अंडर 15 बालक वर्ग में कर्कटडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय की टीम उपविजेता रही। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। कर्कटडीह उत्क्रमित मध्य विद्यालय में अक्सर फुटबॉल, क्रिकेट, कबड्डी और खो-खो जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। विद्यालय के बगल में मैदान है जहां विद्यार्थी अपना प्रैक्टिस करते रहते हैं। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र हांसदा ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को खेलों में भाग लेने के लिए हमेशा तैयार रखा जाता है।
इस दौरान बच्चों की जीत पर शिक्षकों ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की, जहां सहायक शिक्षक मुरारी शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को हमने जितनी शिक्षा दी, आज इन विद्यार्थियों ने उतना ही हम सबों के बीच आकर्षण और खुशी भर कर हमें गौरवान्वित किया है। उपविजेता के रूप में पूरी टीम को टी शर्ट और फुटबॉल दिया गया।
उपविजेता टीम के खिलाड़ियों में शुभम मुर्मू, सुभाष टुडू, समीर मरांडी, शेखर मुर्मू, नीरज सोरेन, आशीष सोरेन, सोमनाथ टुडू, श्रीजल मुर्मू, बसंत टुडू, रितेश हांसदा, सुरेश मुर्मू, राहुल मढैया, सुजीत मरांडी,निशांत सोरेन के नाम शामिल हैं। वहीं प्रधानाध्यापक वीरेंद्र हांसदा ने टीम के खिलाड़ियों को धन्यवाद दिया और कहा कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी जिला और राज्य स्तर तक में खेल सकते हैं। खेल को खेल भावना से खेला जाता है और विद्यालय में विद्यार्थियों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।



