गोड्डा
गोड्डा-अजमेर ट्रेन को भाजपा सांसद ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : स्थानीय गोड्डा रेलवे स्टेशन से आज भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने गोड्डा अजमेर साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मालदा डिवीजन के डीआरएम के अलावा रेलवे के कई वरीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद थे। इस मौके पर सांसद श्री दुबे ने कहा कि गोड्डा में रेलवे को कम व्यापार मिलने के बावजूद भी प्रधानमंत्री मोदी के प्रयास पर आज यह 15वें रेल का परिचालन हो रहा है। उन्होंने बताया कि गोड्डा रेलवे स्टेशन से नौ मेल एक्सप्रेस एवं 6 पैसेंजर ट्रेन का परिचालन हो रहा है जो गोड्डा के लिए एक बड़े गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में तीन और ट्रेन भी गोड्डा से चलेगी जिसमें बंदे भारत ट्रेन भी शामिल है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी के 75 वर्ष बाद प्रधानमंत्री मोदी ने संथाल परगना को विकसित कर एक नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि गोड्डा-पाकुड़ रेल मार्ग को केंद्रीय राशि से बनाए जाने की स्वीकृति मिल गई है और वर्ष 2017 तक गोड्डा पीरपैंती रेल लाइन का निर्माण भी लगभग पूरा हो जाएगा जिसमें गोड्डा- महागामा रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन भी शुरू हो जाएगा। इसी क्रम में सांसद श्री दुबे ने भटौंधा हाल्ट रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन किया जहां बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। फिलहाल गोड्डा-अजमेर ट्रेन के खुलने से व्यापारियों के अलावा खाटू श्याम एवं अजमेर जाने वाले यात्रियों को मिली इस सुविधा से भारी खुशी का माहौल देखा गया।




