
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : हापुड़ के सिंभावली में शुक्रवार रात एक सड़क हादसा हो गया। सब्जी ले जा रही एक पिकअप के पलट जाने से अमरोहा के एक किसान की मौत हो गई। इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, आदमपुर थाना क्षेत्र के सिमथला गांव निवासी किसान ओमदत्त (35) और अन्य लोग अपनी पिकअप बोलेरो में लौकी लादकर गाजीपुर बेचने जा रहे थे। रात करीब 11 बजे सिंभावली के पास बक्सर में अचानक पिकअप की कमानी टूट गई। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ओमदत्त पुत्र राम कुंवर सहित चंद्रहास, रिसाल, दीपक और ओमपाल गाड़ी के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर मुश्किल से दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक ओमदत्त की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सभी घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। ओमदत्त की मौत की खबर सुनते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चे छोड़ गए हैं।



