चेंगायडीह में सड़क बनी ग्रामीणों की परेशानी का कारण, बरसात में हालात हुए और बदतर
The road in Chengayadih became the cause of trouble for the villagers, the situation became worse during the rainy season

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। जिले के चेंगायडीह पंचायत अन्तर्गत खासटोला स्थित तुलसी चौक से लेकर गोखलाडीह तक की सड़क की हालत दिनों-दिन बदतर होती जा रही है। वर्षों से मरम्मत के अभाव में यह पीसीसी सड़क अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क किनारे नाली का निर्माण नहीं होने के कारण बरसात में पानी बीच सड़क पर ही जमा हो जाता है, जिससे रास्ता कीचड़ और जलजमाव से भर जाता है। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि कलीम अंसारी ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, लेकिन बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। उन्होंने कहा, “पानी की निकासी न होने के कारण लोग पैदल भी नहीं चल पाते। बच्चे स्कूल और मदरसे नहीं जा पाते, नमाजियों को मस्जिद तक पहुंचने में भारी दिक्कत होती है। खासतौर पर बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह रास्ता जानलेवा साबित हो रहा है।” कलीम अंसारी ने आगे कहा कि यह सड़क न सिर्फ खासटोला बल्कि आसपास के कई गांवों को जोड़ती है, इसलिए इसका बेहतर होना अत्यंत जरूरी है। उन्होंने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. इरफान अंसारी से मांग की है कि इस मार्ग पर पुनः पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाए और दोनों ओर नाली बनाई जाए ताकि जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक इस सड़क की मरम्मत नहीं होती और नाली की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक हर बरसात उनके लिए एक नई मुसीबत बनकर आती रहेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि वे सामान्य जीवन जी सकें और बच्चों की पढ़ाई, नमाज और अन्य दैनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। यह सड़क आज भी सरकारी उपेक्षा और लापरवाही की तस्वीर पेश कर रही है , जिसे देख सरकार की विकास योजनाओं पर सवाल उठना लाज़मी है।


