जामताड़ा

नंदनकानन स्थित विद्यासागर आवास का होगा सौंदर्यीकरण, बनेगा पर्यटन स्थल

Vidyasagar residence located in Nandankanan will be beautified and will become a tourist spot

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। कर्माटांड़ प्रखण्ड क्षेत्र अन्तर्गत नंदनकानन स्थित महान समाज सुधारक पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर के ऐतिहासिक आवास का सौंदर्यीकरण कर उसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस संदर्भ में नंदनकानन परिषद और स्थानीय बंगाली समिति द्वारा रूपरेखा तैयार की जा रही है, जिसकी विस्तृत योजना शीघ्र ही जामताड़ा उपायुक्त को सौंपी जायेगी। परिसर के सचिव चंदन मुखर्जी ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 जुलाई को पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर की पुण्यतिथि के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दिन ब्लड डोनेट शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के लोग भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि विद्यासागर के आवास के आसपास के क्षेत्र को आकर्षक और पर्यटन अनुकूल बनाने हेतु बाजार एवं रेलवे फाटक से लेकर नंदनकानन परिसर तक अच्छी सड़कों का निर्माण, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था और हरियाली बढ़ाने के लिए पेड़-पौधे लगाये जायेंगे। चंदन मुखर्जी ने यह भी बताया कि इससे पूर्व जामताड़ा उपायुक्त एवं धन-धन कानून परिषद के प्रतिनिधि भी इस स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने पर्यटन स्थल के विकास के लिए आवश्यक सुविधाओं की सूची तैयार करने को कहा था, जिसपर परिसर और समिति कार्य कर रही है। बंगाली समिति की ओर से बताया गया कि यह स्थल न केवल ऐतिहासिक महत्व रखता है, बल्कि शिक्षा, समाज सुधार और सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक विद्यासागर जी की स्मृति से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इसके सौंदर्यीकरण से यह क्षेत्र पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा और स्थानीय लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। कार्ययोजना के तहत जल्दी ही समिति की ओर से खर्च का विस्तृत विवरण तैयार कर उपायुक्त को सौंपा जायेगा, ताकि इस ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित कर भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्थल बनाया जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button