सड़क नहीं तो वोट नहीं के तहत ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। स्थानीय विकासखंड की ग्रामसभा नुवावा के गांव सैदापुर में वर्षों से सड़क की उपेक्षा के शिकार रहे ग्रामीणों का धैर्य टूट गया। वहीं सड़क नहीं तो वोट नहीं के नारों के साथ दर्जनों ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों में गांव में कोई भी ठोस विकास कार्य नहीं हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि खराब सड़क के कारण गांव की महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और मरीज बुरी तरह प्रभावित हैं। गर्भवती महिलाओं और बीमारों को कंधे पर उठाकर अस्पताल तक ले जाना पड़ता है।
प्रशासन की उपेक्षा से निराश होकर गांव वालों ने अब स्वयं चंदा इकट्ठा करके खड़ंजा बनाना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क नहीं बनी, तो वे आने वाले चुनावों में वोट का बहिष्कार करेंगे। सड़क केलिए प्रदर्शन करने वालों में रज्जाक अली, राजेश, शिवम, मिश्रा, अफजल खान, मेहंदी हसन, अमित मिश्रा, सुनील मिश्रा, मनोज, अनिल द्विवेदी, सोनू खान और बृजेश सहित कई लोग शामिल थे। इस मामले पर उपजिलाधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि गांव की समस्या की जानकारी मिल गई है। संबंधित विभाग के अधिकारी को तत्काल मौके का निरीक्षण कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता पर पूरी की जाएंगी।

