खैरथल
भिवाड़ी नगर वन में मियावाकी पद्धति से 50,000 पौधे रोपित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा । मुख्य अतिथि प्रभारी सचिव एवं प्रबंध निदेशक रीको शिवांगी स्वर्णंकार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान कार्यक्रम का आयोजन नगर वन खंड ‘ए’ भिवाड़ी में किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर किशोर कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडा अतुल प्रकाश , पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्र सहित अन्य विभाग के अधिकारी एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अपने उद्बोधन में श्रीमती स्वर्णंकार ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे अपने घरों, मोहल्लों और संस्थानों के आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनकी सुरक्षा व सिंचाई की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष राज्य सरकार द्वारा वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा व नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समुचित योजना बनाई गई है, जिससे लगाए गए पौधे जीवित और सुरक्षित रह सकें।
इस अवसर पर उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने परिसरों एवं आसपास की खाली भूमि पर वृक्षारोपण करें और ‘कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR)’ के तहत पर्यावरणीय गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करें।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिले ने विभिन्न राज्य स्तरीय अभियानों जैसे वंदे गंगा एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय संबल पखवाड़ा में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर राजस्थान में विशिष्ट स्थान प्राप्त किया है, जो कि समस्त जिलेवासियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान में भी जिले का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहेगा।
इस दौरान स्कूल के नन्हे मुन्ने बच्चों में प्रस्तुति देखकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, वन विभाग, नगर निकाय, औद्योगिक प्रतिनिधि, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।


