बरेली
दहेज उत्पीड़न केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
डॉ. ताहिर का सामान जब्त, भाई लुतफुन्न नबी गिरफ्तार; इलाके में मचा हड़कंप

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नवाबगंज की पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन शहला ताहिर के पति डॉ. ताहिर और उनके परिजनों पर दर्ज एक 32 साल पुराने दहेज उत्पीड़न के मामले में शनिवार को पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश पर नवाबगंज पुलिस और पीएसी ने डॉ. ताहिर के घर पर छापा मारकर कुर्की की कार्रवाई की। इस दौरान उनके बड़े भाई लुतफुन्न नबी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
इस प्रकरण की शुरुआत वर्ष 1993 में हुई थी, जब डॉ. ताहिर की पहली पत्नी गजाला, निवासी रामपुर, ने उनके और अन्य परिजनों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। वर्षों चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने सभी आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी और कुर्की वारंट जारी किए थे। कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त फोर्स भी बुलानी पड़ी। नवाबगंज थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि, “यह कार्रवाई कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों पर की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है जबकि अन्य की तलाश जारी है।



