501 लाभुकों को कराया पीएम जनमन आवास योजना के तहत बने आवास में गृह प्रवेश
501 beneficiaries were given griha pravesh in the houses built under PM Janman Awas Yojana

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ प्रखण्ड अन्तर्गत नरोत्तमपुर पंचायत के रामचंद्रपुर गांव में पीएम जनमन आवास योजना के लाभुकों को उपायुक्त मनीष कुमार व उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया एवं मुखिया सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से लाभुक के नवनिर्मित पीएम जनमन आवास का फीता काटकर व नारियल फोड़ कर गृह प्रवेश कराया। लाभुक ने सरकार व जिला प्रशासन के प्रति अपना आभार जताया। कहा कि हमलोगों के पास रहने के लिए मकान नहीं था। कच्चे मकान में किसी तरह गुजर बसर करते थे। सरकार के मदद से आज हमलोगों के पास पक्का का मकान बन गया। इसके पश्चात उपायुक्त व उप विकास आयुक्त एवं बीडीओ सहित अन्य ने पौधारोपण किया। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान योजना की शुरुआत देश के कमजोर जनजातीय समूहों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से की गई है। इस योजना के अंतर्गत आदिवासी समुदायों को आवास, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जा रही है। ताकि अब तक सबसे निचले तबके के जरूरतमंद इन लोगों को समाज के अन्य तबके जैसा ही सुविधा उपलब्ध हो सके , ताकि इनका जीवनस्तर सुधरने के साथ ही सामाजिक स्तर में भी सुधार आए। पीएम जनमन योजना योजना के तहत लाभुकों को दो कमरों और किचेन युक्त पक्का मकान बनाकर दिया गया। आज पूरे जिले में 501 पीएम जनमन योजना के तहत एक साथ गृह प्रवेश कराया गया। मंगलवार को पाकुड़ जिला के सभी प्रखण्डों में पीएम जनमन के तहत गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे जिले में 501 लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। सभी प्रखण्ड़ों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं वरीय पदाधिकारियों ने लाभुकों को गृह प्रवेश करवाया। वही पाकुड़ प्रखण्ड में 55, हिरणपुर प्रखंड में 53, लिट्टीपाड़ा में 263, अमड़ापाड़ा में 29, महेशपुर प्रखंड में 60, पाकुड़िया प्रखंड में 41 लाभुकों ने अपने पीएम जनमन के तहत गृह प्रवेश किया।



