गोड्डा
पथरगामा : वेतन भुगतान को लेकर कॉलेज कर्मियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी रहा जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा/पथरगामा : एसबीएसएसपीएसजे कॉलेज, पथरगामा में कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से शैक्षणिक गतिविधियाँ पूरी तरह से ठप हो गई हैं। 28 जुलाई से वेतन भुगतान की मांग को लेकर सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं और कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया गया है।
दूसरे दिन भी सभी कर्मचारी धरना स्थल पर डटे रहे। इस बीच कॉलेज के अंदर किसी भी प्रकार की शैक्षणिक या प्रशासनिक कार्यवाही नहीं हो पा रही है। बताया जा रहा है कि बीए पार्ट-1 में नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है, जिससे छात्र-छात्राओं की चिंता बढ़ गई है। कॉलेज बंद रहने से नामांकन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि जब तक लंबित वेतन का भुगतान नहीं होता, वे हड़ताल वापस नहीं लेंगे। उनका आरोप है कि वर्षों से वेतन भुगतान को लेकर प्रशासन की ओर से सिर्फ आश्वासन दिया जाता रहा है, लेकिन समाधान नहीं निकला।
इस मुद्दे पर राज्य के श्रम नियोजन मंत्री सह कॉलेज शासी निकाय अध्यक्ष संजय प्रसाद यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए विश्वविद्यालय को जांच हेतु समिति गठित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा, “कॉलेज में व्याप्त अनियमितता के लिए जो भी दोषी होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। यदि समय पर कार्रवाई होती तो आज छात्रों को ऐसी परेशानी नहीं उठानी पड़ती।”
मंत्री ने कॉलेज के प्राचार्य पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी उदासीनता के कारण ही यह स्थिति उत्पन्न हुई है। इसी को लेकर अब कॉलेज प्राचार्य को हटाने की भी मांग उठने लगी है। धरना स्थल पर कुछ लोगों ने प्राचार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। छात्र, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक इस संकट का शीघ्र समाधान चाहते हैं। वे उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द पहल करेगा ताकि कॉलेज में पठन-पाठन सामान्य हो सके और छात्रों का शैक्षणिक नुकसान न हो।




