
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में आज दोपहर जमकर झमाझम बारिश हुई. बारिश की वजह से एक तरफ जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, तो वहीं दूसरी ओर शहर में हुए जल भराव से लोगों को मुसीबत का सामना भी करना पड़ा. बारिश के बाद वाहन सवार भी काफी देर तक जाम से जूझते हुए दिखाई दिए । भाजपा विधायक विजयपाल आढ़ती के घर के सामने भी भारी जल भराव हो गया ।
आपको बता दें कि हापुड़ जिले में आज सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे और दोपहर में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. करीब आधे घंटे हुई बरसात की वजह से एक तरफ तापमान गिरने से जहां लोगों को राहत मिली, तो वहीं दूसरी ओर शहर में चारों ओर जल भराव हो गया. हापुड़ का ऐसा कोई स्थान नहीं था, जहां बारिश का पानी ना भरा हो. शहर में जल भराव ना हो इसका जिम्मा संभालने वाले भाजपा के विधायक विजयपाल आढ़ती के आवास के सामने भी भारी जलभराव देखने को मिला है । इसके साथ ही हापुड़ नगर पालिका परिषद के परिसर में भी पानी भरा हुआ नजर आया । शहर का गोल मार्केट, रेलवे रोड, तहसील चौराहा, गढ़मुक्तेश्वर रोड आदि के अलावा एसडीएम कार्यालय भी पानी में डूबा हुआ नजर आया । इसके साथ ही घंटे भर की बरसात में ही तालाब में तब्दील हो गया हापुड का सरकारी अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) । अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा । इस जलभराव से हापुड नगर पालिका द्वारा जल निकासी का कार्य केवल कागजों में ही नजर आ रहा है ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश आने से भले ही राहत मिली हो, लेकिन नगर पालिका के खोखले दावे और इंतजामातों की वजह से शहर के लोगों को जल भराव की वजह से मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है । नालों की सही सफाई नहीं हुई है जिसके कारण सड़कों पर पानी भरा हुआ है ।


