गोड्डा
मोबाइल चोरी मामले में मेहरमा पुलिस को बड़ी सफलता, एक गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो गोड्डा
मेहरमा (गोड्डा)। मोबाइल चोरी के मामले में मेहरमा पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष छापामारी अभियान के तहत की गई।
सूत्रों के अनुसार, मेहरमा थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी की घटनाओं में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में तकनीकी शाखा की मदद से मेहरमा थाना कांड संख्या 98/2025, दिनांक 08 जून 2025, धारा 303(2) B.N.S. के तहत चोरी गए मोबाइल की सफलतापूर्वक बरामदगी की गई।
प्राप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों को सूचित किया गया और पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी टीम ने एक मोबाइल दुकान पर दबिश दी, जहां दुकान संचालक आशीष कुमार से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि उसने चोरी का मोबाइल खरीद कर उसे बेचा है। साथ ही, उसने इस मामले से जुड़े अन्य अभियुक्तों की जानकारी भी पुलिस को दी। आरोपी को विधि सम्मत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई से मेहरमा थाना पुलिस की सतर्कता और तकनीकी दक्षता की एक बार फिर सराहना हो रही है, वहीं क्षेत्र में अपराधियों में पुलिस का खौफ भी साफ देखा जा सकता है।



