गोड्डा
मेहरमा बायपास की सड़क पर बना गड्ढा बड़ी घटना को कर रहा आमंत्रित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा/मेहरमा : प्रखंड की बहुचर्चित बायपास सड़क अब जानलेवा बन चुकी है। एक ऐसा रास्ता, जो विकास के बजाय विनाश की तस्वीर बन चुका है। यहां सड़क पर नहीं, बल्कि साहस और किस्मत के भरोसे वाहन चलता है। बायपास पर अब गाड़ियों की रफ्तार नहीं, गड्ढों की गहराई चर्चा में है। सड़क की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि अब यह क्षेत्रीय भाषा में ‘गड्ढा-पथ’ के नाम से जाना जाने लगा है। बरसात में हालात और भयावह हो जाता है, पूरी सड़क जलमग्न होकर दलदल जैसी हो जाती है। कई जगह तो पानी भरे गड्ढे इतने बड़े हैं कि स्थानीय लोग मजाक में इसे मेहरमा जलप्रपात कहने लगे हैं। छोटे वाहन चालक तो मानो हर बार यहां से गुजरते वक्त मौत की लॉटरी खेलते हैं, वहीं भारी वाहनों के ड्राइवर इस रास्ते को पार करते हुए पसीना-पसीना हो जाते हैं। सड़क के बीचों बीच इतने गहरे गड्ढे हैं कि एक पल की चूक जानलेवा साबित हो सकती है। बीते दिनों में कई बाइक सवार हादसे के शिकार हो चुके हैं, सवाल ये उठता है कि क्या हमारे जनप्रतिनिधियों की गाड़ियां कभी इस रास्ते से नहीं गुजरतीं? क्या उन्हें इस ‘मौत के रास्ते’ की सच्चाई दिखाई नहीं देती? या फिर इंतजार है किसी बड़े हादसे का, जिससे सुर्खियां बनें और तब जाकर मरम्मत की याद आए? वहीं लोग कह रहे हैं कि जिस तरीके से पहले जल सत्याग्रह किया गया था उसी तरीके से बायपास रोड में भी जल सत्याग्रह करना होगा क्योंकि सवाल एक सड़क का नहीं, जान-माल की सुरक्षा का है।




