आतंक मचा रहे तेंदुए को ग्रामीणों ने मार गिराया

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
अमेठी,मुसाफिरखाना। पिछले चौबीस घंटे से भाले सुल्तान थानाक्षेत्र के अन्तर्गत भैदपुर और बिरई का पुरवा गांवों में आतंक का पर्याय बन चुके तेंदुए को ग्रामीणों ने मार गिराया है।डी एम के निर्देश पर पशुपालन विभाग की टीम ने गांव पहुंच कर मारे गए तेंदुए का पोस्टमार्टम किया। वन विभाग के कार्मिक भी मौजूद रहे।
पशुपालन विभाग की ओर से लखनऊ से आए डॉ बृजेन्द्र, प्रभारी सी बी ओ डा हेमंत कुमार कुशवाहा, डॉ बी के पांडेय और डॉ सुशील तिवारी की टीम ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया।
डी एफ ओ रणवीर सिंह ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में अमेठी, गौरीगंज, तिलोई और मुसाफिरखाना के रेंजर के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया था।
तेंदुए के अंतिम संस्कार में शामिल हुए विधायक
अमेठी। तेंदुआ के अंतिम संस्कार में रविवार को विधायक राकेश प्रताप सिंह भी शामिल हुए।भाले सुल्तान शहीद स्मारक स्थल परिसर में तेंदुए का अंतिम संस्कार किया गया। लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी के पशु डाक्टरों की उपस्थिति और मजिस्ट्रेट की निगरानी में अंतिम संस्कार किया गया।
आतंक के पर्याय बने तेंदुए की स्मृति में एक था बहादुर नाम से स्मारक स्थल बनाने पर भी चर्चा हुई।
अंतिम संस्कार के समय पशुपालन विभाग,वन विभाग और पुलिस विभाग के कार्मिकों के साथ आसपास के क्षेत्र के लोग भी मौजूद रहे।

