बरेली
शिवभक्तों की सेवा में प्रसाद परोसते हुए बोले डीएम- यात्रा में कोई परेशानी तो नहीं हुई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरेली। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा पर निकले भोले के भक्तों के स्वागत में इस बार बरेली का प्रशासन भी पूरी तरह तैयार है। रविवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह खुद आंवला तहसील के गांव नितोई और रामगंगा पहुंचे, जहां उन्होंने शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा की, माला पहनाकर उनका स्वागत किया और भंडारे में प्रसाद भी वितरित किया।
कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए लगे मेडिकल कैंप
शिवभक्तों से बात करते हुए डीएम ने यात्रा के अनुभव भी जाने और यह पूछा कि कहीं रास्ते में कोई परेशानी तो नहीं हुई। प्रशासन की ओर से श्रावण के हर रविवार और सोमवार को जिले की हर तहसील में भंडारे लगाए जा रहे हैं। यहां कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालु न सिर्फ प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं बल्कि आराम भी कर पा रहे हैं। साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए हर जगह मेडिकल कैंप भी लगाए गए हैं, ताकि किसी श्रद्धालु को तबीयत बिगड़ने पर तुरंत इलाज मिल सके।



