गोड्डा
सावन की अंतिम सोमवारी पर रत्नेश्वरनाथ धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
- हजारों डाक बमों ने किया जलाभिषेक, प्रशासन रही अलर्ट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : श्रावण मास की अंतिम सोमवारी को लेकर जिले भर में श्रद्धा और आस्था का विशेष माहौल रहा। हर तरफ बोल बम और भगवान शिव के जयकारे गूंज रहे थे। वहीं शहर के शिवपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा रत्नेश्वर नाथ धाम मंदिर में सुबह से ही कांवरियों, डाक बमों के साथ साथ पूजा अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं विशेष रूप से डाक बमों ने गंगाजल लेकर दौड़ते हुए मंदिर पहुंचकर बाबा भोलेनाथ को जल अर्पित किया। अंतिम सोमवारी पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ जलाभिषेक किया। पूरे नगर सहित मंदिर परिसर में श्रद्धा का उत्सव देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर पूजा अर्चना एवं जलाभिषेक किया। ब्रह्ममुहुर्त से ही मंदिर में पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन होता रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा कड़े सुरक्षा के इंतज़ाम किए गए थे। मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ गोड्डा-भागलपुर मुख्य मार्ग (पंजवार-खटनई) और झारखंड-बिहार सीमावर्ती क्षेत्रों तक प्रशासनिक गश्त और चेकिंग जारी रही। महिला कांस्टेबलों की भी तैनाती की गई थी ताकि महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं सुरक्षा के साथ साथ लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो इसके मंदिर की विधि व्यवस्था को बनाए रखने में मंदिर समिति की भूमिका भी सराहनीय रही। समिति के सदस्य लगातार श्रद्धालुओं की सहायता करते नजर आए। जल व्यवस्था, जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं एवं डाक बम के लिए कतार की व्यवस्था, प्रसाद वितरण और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाओं की निगरानी समिति द्वारा की जा रही थी। डाक बम के साथ साथ ग्रामीण एवं और शहरी क्षेत्र के श्रद्धालु भक्तों में भी खासा उत्साह देखा गया। कई श्रद्धालु अपने पूरे परिवार के साथ पूजा-अर्चना करने पहुंचे। लोगों ने भगवान शिव से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।




