बरेली
79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम का होगा आयोजन
भारतीय नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए किया जाएगा प्रेरित
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम का आयोजन होगा उक्त कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में संबंधित अधिकारियो के साथ एक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।हर घर तिरंगा कार्यक्रम 2 से 15 अगस्त 2025 तक तीन चरणों में किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत सभी भारतीय नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा ताकि आम जनता में देशभक्ति की भावना का विकास हो और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान में वृद्धि हो। हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग थीम पर आधारित यह कार्यक्रम तीन चरणों में होगा। प्रथम चरण अभियान के दौरान समस्त शासकीय भवनों एवं संस्थानों, आवासीय भवनों में तिरंगा फहराया जाएगा। भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा, रंगोली बनाई जाएगी और सेल्फी जोन तैयार किए जाएंगे। कार्यक्रम को व्यापक सफलता सुनिश्चित करने के लिए पम्पलेट, बैनर, स्टैंडीज आदि के माध्यम से स्थानीय भाषाओं में जोरदार प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यह अभियान नागरिक एकता और सामूहिक उत्सव की भावना पर आधारित है, जिसमें स्वतंत्रता के साथ-साथ स्वच्छता और जल संरक्षण के संकल्प को भी समाहित किया गया हैकॉरपोरेट एवं निजी संगठनों को भी सीएसआर संसाधनों सहित इस अभियान में भाग लेने और सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इन दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य सरकार की वेबसाइटों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का उपयोग करते हुए आमजन को हर घर तिरंगा कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग विषयक सभी गतिविधियों को वेबसाइट www.harghartiranga.com से लिंक कर व्यापक रूप से प्रसारित किया जाएगा।ग्राम पंचायतों में तिरंगे व स्टीकर्स भी बांटे जाएंगे। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायतों के सरपंचों, नगरीय निकायों के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। स्वयं सहायता समूहों को तिरंगे के निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा तथा ग्राम पंचायतों में तिरंगे की बिक्री एवं वितरण के लिए केन्द्र स्थापित किए जाएंगे।बैठक में जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर, समस्त उपजिलाधिकारी व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



