गोड्डा
फाइलेरिया नियंत्रण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा (गोड्डा) : जयनारायण उच्च विद्यालय, महागामा में फाइलेरिया नियंत्रण अभियान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक खालिद तमीज ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन नौसेहर आलम ने किया। इस अवसर पर आगामी 10 अगस्त से शुरू हो रहे फाइलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम के तहत रोग की गंभीरता, इसके लक्षण, रोकथाम और उपचार संबंधी जानकारी साझा की गई। विशेष रूप से फाइलेरिया से बचाव हेतु उपयोग की जाने वाली तीन प्रमुख दवाओं – इवरमेक्टिन, डीईसी और अल्बेंडाजोल – के सेवन की प्रक्रिया और प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।साथ ही बताया गया कि सहिया, आंगनबाड़ी सेविका और पोषण सखी के माध्यम से घर-घर जाकर यह दवाएं लोगों को निःशुल्क खिलाई जाएंगी। यह अभियान सरकार द्वारा संचालित एक सामुदायिक स्वास्थ्य पहल है, जिसका उद्देश्य इस रोग को जड़ से समाप्त करना है। प्रधानाध्यापक खालिद तमीज ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि “समाज को स्वस्थ रखने के लिए जागरूकता जरूरी है और हम सभी की सहभागिता इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे।



