राज्य महिला आयोग की सदस्यों ने किया रोहटा स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण,
सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की मा० सदस्या श्रीमती मीनाक्षी भराला एवं डा० हिमानी अग्रवाल ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, रोहटा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र की साफ-सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई, जिस पर दोनों सदस्यों ने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयोग सदस्यों ने भर्ती मरीजों से संवाद किया। एक मरीज ने जानकारी दी कि चश्मे बनवाने के लिए अधिक शुल्क लिया जा रहा है, जिस पर संबंधित अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, एक बुजुर्ग मरीज द्वारा पारिवारिक हिंसा की शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष रोहटा को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डिलीवरी रूम में उपस्थित दो प्रसूताओं से भी बातचीत की गई। दोनों ने हाल ही में स्वस्थ नवजात शिशुओं को जन्म दिया था। आयोग सदस्यों ने माताओं और शिशुओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि केंद्र पर भारत सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं से संबंधित बैनर/सूचनाएं अनुपस्थित थीं। इस पर उपस्थित चिकित्सक को योजनाओं से जुड़े बैनर लगाने के निर्देश दिए गए ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ मिल सके।
निरीक्षण के समय थानाध्यक्ष रोहटा नीरज कुमार बघेल, जिला मिशन समन्वयक खुशबू शर्मा, तथा स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


