
सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री ने करी समीक्षा बैठक
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बरेली मंडल के चार जनपदों बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर की विकास योजनाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान कई सांसद, विधायक समेत जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की। सर्किट हाउस में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ संवाद कर उनकी जमीनी समझ व अनुभव के आधार पर नए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी।
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल के प्रस्ताव पर आधुनिक सैटेलाइट फ्लाईओवर को वाईशेप में बनाये जाने, पीलीभीत बाईपास को फोरलेन में बदले जाने को मंजूरी दी गई। जिससे पीलीभीत रोड की ओर आवागमन सहज और दुर्घटनामुक्त हो सकेगा। मुख्यमंत्री बहुप्रतीक्षित नाथ गलियारा योजना को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। सुभाषनगर अंडरपास को प्राथमिकता में शामिल किया, इससे शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने में सहूलियत होगी। पवन विहार कॉलोनी के पीछे हरूनगला से लेकर नागदेवता मंदिर तक नई सड़क का निर्माण को स्वीकृति दी गयी। यह मार्ग धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र की कनेक्टिविटी को भी और बेहतर बनायेगा।



