गोड्डा
गोड्डा डाकघर में सर्वर डाउन से जनता परेशान, रक्षाबंधन के पूर्व स्पीड पोस्ट सेवा ठप
घंटों लाइन में खड़े रहे लोग, छात्रों और महिलाओं को हुई खास परेशानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा : गोड्डा मुख्य डाकघर में पिछले कई दिनों से सर्वर डाउन की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे स्पीड पोस्ट, मनी ऑर्डर और अन्य डाक सेवाओं का कार्य प्रभावित हो रहा है। बुधवार को भी दिनभर सर्वर ठप रहने के कारण लोगों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा। जानकारी के अनुसार, डाकघर में रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार के ठीक पहले यह तकनीकी समस्या लोगों की परेशानी का कारण बन गई है। बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों को राखी भेजने के लिए डाकघर पहुंच रही हैं, लेकिन सर्वर डाउन के चलते उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। डाकघर परिसर में भारी भीड़ देखी गई, जहाँ महिलाएँ, बुजुर्ग और छात्र लंबी लाइन में खड़े नजर आए। कई छात्र अपने प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज स्पीड पोस्ट करने के लिए डाकघर आए थे, लेकिन सर्वर ठप होने के कारण उन्हें बार-बार लौटना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी गुड्डू कुमार ने बताया कि वे दो दिन से लगातार डाकघर आ रहे हैं, लेकिन सर्वर की खराबी के कारण अब तक उनका स्पीड पोस्ट नहीं हो पाया। वहीं एक महिला ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि राखी भेजने के लिए आज समय निकालकर डाकघर आई थी, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी काम नहीं हो सका। जनता का कहना है कि इस समस्या को जल्द दूर किया जाए ताकि आवश्यक दस्तावेजों और पर्व से जुड़ी डाक समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके।अब सवाल यह उठता है कि कब तक गोड्डा डाकघर के उपभोक्ताओं को इस सर्वर डाउन की समस्या से जूझना पड़ेगा और कब मिलेगी उन्हें राहत?



