सिंगरौली
जिले में संचालित मिठाई की दुकानों और कारखानों का किया निरीक्षण, लिए गए नमूने

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। रक्षाबंधन का पर्व दो दिन बाद मनाया जाएगा। भाई-बहन के पर्व को लेकर शहर से गांव तक राखियों के साथ मिठाई की दुकानें सज गई हैं। मिठाई तैयार करने का काम उनके कारखानों में कारीगरों द्वारा तेजी से किया जा रहा है। उसमें सफाई व शुद्धता का ख्याल रखा जा रहा है या नहीं और मिलावट रोकने के लिए कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन महकमा सक्रिय हुआ है। इसी कड़ी में डिप्टी कलेक्टर नंदन तिवारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकुंद झारिया ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी संग विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों व कारखाने का निरीक्षण कर नमूना लेने की कार्यवाही की। इसमें राजस्थान स्वीट्स ताली, वैढ़न से खोवा बफी, चमचम, चॉकलेट बर्फी, बेसन के लड्डू और कलाकंद के नमूने लिए। इसी तरह बीकानेर स्वीट्स बिलौंजी से बूंदी के लड्डू, मलाई बर्फी, कलाकंद व मथुरा पेड़ा का नमूनो मानक स्तर की जांच के लिए लिया गया।मिठाई की दुकानों से लिए गए नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। अमानक होने के संबंध में रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संचालकों को कारखाने में स्वच्छता एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाई बनाने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि निर्देश के अनुसार जिले के शहर से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में कार्यवाही जारी है।



