अमरोहा
ऑनलाइन गेम की लत में युवक ने रचा झूठा अपहरण
तीन लाख रुपए की फिरौती के लिए घर से भागा, दिल्ली रेलवे स्टेशन से बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : डिडौली थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेम की लत ने एक युवक को झूठा अपहरण रचने पर मजबूर कर दिया। चौधरपुर गांव निवासी ट्रक चालक सईदल हक का इकलौता बेटा इंजामुल हक रविवार शाम बिना किसी को बताए घर से निकल गया। बाद में इंजामुल ने अपने परिवार को फोन करके बताया कि उसका अपहरण कर लिया गया है। उसने तीन लाख रुपये अपने खाते में जमा करने की मांग की। परिवार वालों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद युवक के चाचा अब्दुल हक ने डिडौली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
ऑनलाइन गेम खेलने का आदी
जिवाई चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार तोमर ने सिपाही मोहित चौहान के साथ लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की। पुलिस ने देर रात युवक को दिल्ली रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन गेम खेलने का आदी है। गेम में पैसे हारने के बाद तीन लाख रुपये पाने के लिए उसने झूठी अपहरण की कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।



